राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया

कमला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई 1 एवं 2 के तत्वावधान में आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा बालिकाओं के सम्मान, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के महत्व को समझाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. ओ. पी. उपाध्याय एवं डॉ. अभयवीर सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक किया गया। डॉ. ओ. पी. उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान एक नागरिक का सबसे बड़ा अधिकार एवं कर्तव्य है, जिसके माध्यम से हम एक मजबूत लोकतंत्र की स्थापना कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर मतदान करें और देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। डॉ. अभयवीर सिंह ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बालिकाएँ समाज की रीढ़ हैं और उनके सम्मान, शिक्षा एवं सुरक्षा से ही देश का भविष्य उज्ज्वल होगा। उन्होंने छात्रों को लैंगिक समानता एवं बालिका सशक्तिकरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विचार प्रस्तुत किए गए तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया। अंत में सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने लोकतंत्र की मजबूती एवं बालिकाओं के सम्मान हेतु कार्य करने की शपथ ली। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *