
कमला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धौलपुर में आज दिनांक 12 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय युवा दिवस (स्वामी विवेकानंद जयंती) के अवसर पर एन.एस.एस. इकाई 01 एवं 02 के संयुक्त तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की श्रृंखला में सर्वप्रथम ’’स्वदेशी संकल्प दौड़’’ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया। इसके उपरांत राष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व पर आधारित एक संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी. एस. तिवारी ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. के. के. उपाध्याय ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं से अनुशासन, सेवा एवं राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया एवं उन्होंने साइबर सुरक्षा के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया । सम्पूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ओ. पी. उपाध्याय एवं डॉ. अभय वीर सिंह कुशवाहा द्वारा किया गया। इसी अवसर पर एक दिवसीय विशेष एन.एस.एस. शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत श्रमदान के कार्य संपन्न किए गए। स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई, स्वच्छता एवं सेवा से जुड़े विभिन्न कार्य किए गए, जिससे समाज सेवा एवं सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।